खेल

ताइक्वांडो में चायल-कोटी कॉलेज की भावना ने जीता स्वर्ण पदक

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
ताइक्वांडो में चायल-कोटी कॉलेज की भावना ने जीता स्वर्ण पदक

अक्तूबर 30, शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में हाल ही में सम्पन्न हुई अंतरमहाविद्यालय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में राजकीय महाविद्यालय चायल-कोटी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की भावना ठाकुर ने स्वर्ण पदक, जबकि हार्दिक शर्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

कॉलेज पहुंचने खिलाड़ियों का कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थियों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। गौर रहे कि महिला वर्ग की अंडर-78 किलोग्राम भार श्रेणी में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा भावना ठाकुर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, पुरुष वर्ग की अंडर-68 किलोग्राम भार श्रेणी में बीए तृतीय वर्ष के छात्र हार्दिक शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय देते हुए महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों को ताइक्वांडो का प्रशिक्षण महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य हरेंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन में दिया गया।

कॉलेज की प्राचार्या डॉ. दीप शिखा भारद्वाज ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया और भविष्य में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।