तम्बाकू मुक्त युवा अभियान-4.0’ के तहत तैयार कार्य योजना पर तत्परता से करें कार्यः उपायुक्त
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 04, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान का उद्देश्य तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना तथा सिरमौर को तम्बाकू मुक्त जिला बनाना है। प्रियंका वर्मा आज यहां जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा ‘तम्बाकू मुक्त युवा अभियान-4.0’ के अंतर्गत आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
उपायुक्त ने कहा कि 60 दिन का तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0, 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। उन्होंने इस अभियान के तहत गठित जिला स्तरीय समन्वय समिति को तम्बाकू मुक्त युवा अभियान-4.0’ के तहत तैयार की गई कार्य योजना पर तत्परता से कार्य करने पर बल दिया। कोटपा (विज्ञापन का निषेध तथा व्यापार और वाणिज्य, उत्पादन, आपूर्ति और वितरण का विनियमन) अधिनियम, 2003 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रतिबंध, तम्बाकू उत्पादों के विज्ञापन पर रोक, नाबालिकों को तम्बाकू उत्पाद विक्रय पर प्रतिबंध तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध है।
इसकी अनुपालना कड़ाई से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विशेष कर युवाओं को नशे की कुरीतियों के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने संबंधित विभाग को तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थानों में वृद्धि करने के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर 50 गांवों को तम्बाकू मुक्त करने के निर्देश दिए।
प्रियंका वर्मा ने कहा कि अधिनियम का उल्लंघन करने पर विधि सम्मत त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए ताकि नशाखोरी पर अंकुश लगाया जा सके। इसके लिए समय-समय पर गठित कार्य बल को होटलों, सार्वजनिक स्थानों तथा संवेदनशील स्थानों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के साथ-साथ चालान भी करने चाहिए।
उन्होंने जिला की नगर परिषद तथा नगर पंचायत के माध्यम से कूड़ा एकत्रित करने वाली स्वच्छता गाड़ियों में एंटी टोबैको जिंगल के माध्यम से आमजन को तंबाकू के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. राकेश प्रताप ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।
उन्होंने अवगत करवाया कि 28 अक्टूबर से 26 दिसम्बर, 2026 तक विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, शहरी निकायों, पंचायती राज संस्थाओं व अन्य सभी प्रशासनिक संस्थानों के सहयोग से तम्बाकू मुक्त अभियान 4.0 को कार्यान्वित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को तम्बाकू व अन्य नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना है। बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को इस अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई। जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वी के सांगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे।