तंबाकू मुक्त युवा अभियान को जनआंदोलन बनाने आगे आएं युवा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वस्थ मध्यप्रदेश के लिए किया आह्वान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मध्यप्रदेश के युवाओं को तंबाकू और निकोटीन की लत से बचाने के लिए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को व्यापक जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं का स्वास्थ्य, उनकी क्षमताएं और भविष्य सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदेश में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलने वाले 60 दिवसीय अभियान के माध्यम से युवाओं को तंबाकू के नुकसान के प्रति जागरूक करने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जोर दिया कि इस पहल को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य और समाज की सुरक्षा से जुड़े व्यापक जनअभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाए। इसके लिए युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संगठनों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय को तंबाकू मुक्त बनाने तथा गांवों को तंबाकू मुक्त गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस प्रयास करने की अपील की। उन्होंने ग्राम सभाओं, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संस्थाओं और नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को परामर्श और सहायता उपलब्ध कराने के लिए तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्रों तथा राष्ट्रीय तंबाकू क्विटलाइन की सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। तंबाकू छोड़ने में सहायता के लिए राष्ट्रीय तंबाकू क्विटलाइन के नंबर 1800-11-2356 पर संपर्क किया जा सकता है।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों से अपने घर, विद्यालय, गांव और शहर को तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तंबाकू के सेवन को सामान्य मानने वाली सोच में बदलाव लाना समय की आवश्यकता है। जागरूक युवा स्वस्थ परिवार की नींव हैं और तंबाकू मुक्त गांव स्वस्थ मध्यप्रदेश की पहचान बन सकते हैं।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ युवा, तंबाकू मुक्त गांव, सशक्त मध्यप्रदेश और तंबाकू मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की जा सकती है। उनका आह्वान है कि युवा पीढ़ी के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए समाज का हर वर्ग इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दे।