देश

टौणी देवी में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना से दी 16.40 लाख की मदद

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
टौणी देवी में मुख्यमंत्री  सुख आश्रय योजना से दी 16.40 लाख की मदद

खंड स्तरीय समिति की बैठक में एसडीएम ने की महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा

अगस्त 15, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत गठित खंड स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें उक्त योजनाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर एसडीएम ने बताया कि टौणी देवी खंड में अभी छह माह से 3 वर्ष तक की आयु के 1750 शिशुओं, 568 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 3 से 6 वर्ष तक के 466 बच्चों को 248 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पूरक पोषाहार प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि टौणी देवी खंड में 3 से 6 वर्ष तक की आयु के 1761 बच्चे हैं। इनमें से 355 बच्चे सरकारी स्कूलों और 940 बच्चे प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे हैं, जबकि 466 बच्चे आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत हैं। पोषण 2.0 की समीक्षा करते हुए एसडीएम ने कहा कि टौणी देवी खंड में 5 वर्ष तक के 3157 बच्चों में से 8 बच्चे कुपोषित और 66 बच्चे आंशिक रूप से कुपोषित पाए गए हैं।

महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी इन कुपोषित बच्चों के पोषण पर विशेष रूप से फोकस करें। बेटी है अनमोल योजना के तहत टौणी देवी खंड में इस वित्त वर्ष में अभी तक 4.53 लाख रुपये, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 5.10 लाख रुपये, मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 3.72 लाख और विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत 8 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं।

निराश्रित महिलाओं के 205 बच्चों की शिक्षा के लिए इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 7.62 लाख रुपये, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के 18 लाभार्थियों को 16.40 लाख रुपये वित्तीय मदद प्रदान की गई है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विभिन्न गतिविधियों पर 83.86 हजार रुपये, पोषण अभियान पर 8.14 लाख और प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के तहत 10.69 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

आंगनवाड़ी केंद्रों के भवनों के निर्माण और किराये पर अथवा अन्य विभागों के भवनों में संचालित किए जा रहे आंगनवाड़ी केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाओं और विभाग की अन्य योजनाओं की प्रगति को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई इस अवसर पर सीडीपीओ संतोष कौंडल ने सभी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।