राज्य

तिब्बत में फिर महसूस किए गए भूकंप के झटके, राहत-बचाव अभियान जारी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
तिब्बत में फिर महसूस किए गए भूकंप के झटके, राहत-बचाव अभियान जारी

अक्टूबर 24, नई दिल्ली: तिब्बत में आज सुबह करीब 5 बजकर 38 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता लगभग 4.5 मापी गई। इससे क्षेत्र में एक बार फिर लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। इससे पहले गुरुवार को आए शक्तिशाली भूकंप से तिब्बत में भारी नुकसान हुआ था।

भूकंप से नागकू शहर में कम से कम 340 घर ढह गए हैं। संभावित आफ्टरशॉक्स और चट्टानें खिसकने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। अब तक 12 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

भूकंप का केंद्र तिब्बत की राजधानी ल्हासा के उत्तर में स्थित नागकू क्षेत्र में बताया गया है। समुद्र तल से करीब 4,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस इलाके में कड़ाके की ठंड और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत कार्यों में चुनौतियां आ रही हैं। इसके बावजूद प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए राहत सामग्री भेजी गई है।

राहत सामग्री में 2 हजार प्रीफैब्रिकेटेड घर, करीब 3,400 टेंट, 2 हजार फोल्डिंग बेड, टॉर्च और सर्दियों में इस्तेमाल होने वाले कपड़े शामिल हैं। विस्थापित लोगों के लिए अतिरिक्त आश्रय स्थल भी तैयार किए जा रहे हैं।

गुरुवार को आए भूकंप में अब तक 16 लोगों की मौत की खबर है। मुख्य भूकंप के बाद कम से कम सात आफ्टरशॉक्स भी दर्ज किए गए, जिनकी तीव्रता 4.3 से 5.2 के बीच रही।

फ़ाइल फ़ोटो

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।