विदेश

Tibet Earthquake में 16 की मौत, बचाव कार्य में China ने उतारे Satellites और Drones

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
Tibet Earthquake में 16 की मौत, बचाव कार्य में China ने उतारे Satellites और Drones

चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में 7.0 तीव्रता का भूकंप आने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 76 अन्य लोग घायल हो गए, जिसके बाद 12,000 से अधिक निवासियों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के बाद चीन ने जिंदा बचे लोगों की तलाश के लिए क्षेत्र में उपग्रह और ड्रोन तैनात किए।

अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजकर 33 मिनट (स्थानीय समय) पर नागकू शहर की बाकेन काउंटी में आए भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर से भी कम गहराई पर था। सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने क्षेत्रीय राजधानी ल्हासा से खबर दी कि अब तक 12,489 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है।

उसने बताया कि बचाव एवं राहत अभियान के साथ-साथ प्रभावित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करने का काम जारी है। चीन एयरोस्पेस विज्ञान और प्रौद्योगिकी निगम (सीएएससी) ने शुक्रवार को बताया कि बचाव कार्यों में मदद के लिए चीन ने भूकंप प्रभावित इलाके में आपातकालीन संचार सुविधा देने और वहां की तस्वीरें लेने के लिए उपग्रहों और मानवरहित विमानों को तैनात किया है।

तिब्बती पठार को भूकंप के खतरे के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह क्षेत्र उस स्थान के ठीक ऊपर स्थित है, जहां यूरेशियाई एवं भारतीय टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं, जिससे भूकंपीय कंपन पैदा होती है। ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, चीन ने भूकंप के बाद आपातकालीन आपदा राहत के लिए लगभग 75 लाख अमेरिकी डॉलर (पांच करोड़ युआन) आवंटित किए हैं और पुनर्वास कार्यों के लिए तीन करोड़ युआन की अतिरिक्त राशि निर्धारित की है।

इससे पहले आई खबरों के अनुसार, भूकंप में 330 से अधिक मकान ढह गए या क्षतिग्रस्त हो गए। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों की संख्या सहित 76 घायलों का विस्तृत ब्योरा तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका। चाइना रेलवे छिंगहाई-तिब्बत ग्रुप कंपनी लिमिटेड ने बताया कि प्रभावित हिस्से में छिंगहाई-तिब्बत रेलवे पर यात्री ट्रेन का परिचालन शुक्रवार सुबह कम गति से फिर शुरू कर दिया गया।

‘स्टेट ग्रिड शिजांग इलेक्ट्रिक पावर कंपनी लिमिटेड’ ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे (स्थानीय समय) तक भूकंप प्रभावित बाकेन काउंटी में 1,937 घरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की ओर से आवंटित राहत सामग्री भूकंप प्रभावित क्षेत्र में पहुंचने लगी है। इसमें पहले से तैयार 1,000 आवासीय इकाइयां, 3,239 तंबू, 2,821 तह किए जा सकने वाले बिस्तर और रजाइयां, स्टोव तथा कपड़ों जैसी रोजमर्रा की जरूरत की अन्य वस्तुएं शामिल हैं।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के केंद्र के आसपास के क्षेत्र की औसत ऊंचाई 4,800 मीटर से अधिक है। अगले तीन दिनों में तापमान गिरकर शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंचने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि भूकंप के केंद्र के पास स्थित तीन टाउनशिप में शनिवार को रुक-रुककर बर्फबारी होने का भी पूर्वानुमान है।

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने भूकंप में लापता लोगों की तलाश और उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने तथा घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। चिनफिंग ने कहा कि भूकंप में जानमाल के नुकसान को कम करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र की अधिक ऊंचाई और कम तापमान को देखते हुए भूकंप के बाद संभावित अन्य आपदाओं को रोकने के लिए भूकंपीय गतिविधियों और मौसम की स्थितियों पर कड़ी नजर रखने पर भी जोर दिया।

चीनी राष्ट्रपति ने प्रभावित लोगों के लिए आवास की उचित व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की जल्द मरम्मत करने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी आपदा की रोकथाम और उससे प्रभावी ढंग से निपटने के प्रयास करने का आह्वान किया।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।