भोपाल

टीबी उन्मूलन के साथ नशा मुक्ति अभियान को भी जोड़ें : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
टीबी उन्मूलन के साथ नशा मुक्ति अभियान को भी जोड़ें : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने टीबी उन्मूलन के प्रयासों के साथ नशा मुक्त भारत अभियान को भी जोड़ने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि नशे के आर्थिक, सामाजिक और मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को जागरूक करने की जरूरत है। इसके लिए परिवार और समाज की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

राज्यपाल बुधवार को भोपाल में एमपी स्टेट टीबी एसोसिएशन के 77वें टीबी सील अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अभियान के सहयोग के लिए 11 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा नशा मुक्त भारत अभियान स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को घर से ही नशे से दूर रहने के संस्कार दें। साथ ही उन्हें संयमित जीवनशैली, पौष्टिक आहार और समुचित उपचार का महत्व समझाएं। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मरीजों की जांच, उपचार और नियमित निगरानी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मरीज तक सही जानकारी, आवश्यक दवाइयां और पौष्टिक आहार की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। टीबी मरीजों को सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने टीबी उन्मूलन के कार्यक्रमों को सघन और निरंतर रूप से संचालित करने की अपील करते हुए अभियान से जुड़े सदस्यों और स्वयंसेवी संस्थाओं को समर्पण भाव से काम करने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी सहित एमपी स्टेट टीबी एसोसिएशन के पदाधिकारी और अभियान से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर टीबी सील अभियान की जानकारी और जागरूकता से संबंधित किट का लोकार्पण भी किया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।