टीकमगढ़ में जल्द शुरू होगी एलिम्को इकाई, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी सुविधा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने पहाड़ी खुर्द गांव में निर्माण कार्य का लिया जायजा,
अंतिम चरण में पहुंचा परियोजना का काम
टीकमगढ़, अक्टूबर 18: केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने अपने लोकसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान टीकमगढ़ के पहाड़ी खुर्द गांव में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की निर्माणाधीन इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
इकाई का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही यहां कामकाज शुरू होने की उम्मीद है। इस इकाई के शुरू होने से क्षेत्र के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। इससे जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान इकाई के अधिकारी, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि अनुराग वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।