राजनीति

टिकट वितरण का अधिकार केवल भाजपा हाईकमान को, प्रत्याशियों का चयन जीतने की क्षमता और पिछले रिकॉर्ड के आधार पर होता है: राकेश ठाकुर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
टिकट वितरण का अधिकार केवल भाजपा हाईकमान को, प्रत्याशियों का चयन जीतने की क्षमता और पिछले रिकॉर्ड के आधार पर होता है: राकेश ठाकुर

नवंबर 16, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा के हालिया प्रेस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव में पार्टी टिकट देना और प्रत्याशी का चयन करना संबंधित राजनीतिक दल का विशेषाधिकार होता है। भाजपा में प्रत्याशियों का चयन पार्टी हाईकमान द्वारा उनकी जीतने की क्षमता, राजनीतिक सक्रियता और पिछले चुनावी एवं संगठनात्मक रिकॉर्ड को ध्यान में रखकर किया जाता है।

भोरंज विधानसभा क्षेत्र से आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में पवन कुमार को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की प्रकाश चंद शर्मा की सिफारिश पर प्रतिक्रिया देते हुए राकेश ठाकुर ने कहा कि वह प्रकाश चंद शर्मा के सामाजिक कद, समाजसेवी व्यक्तित्व और भाजपा के शुभचिंतक के रूप में उनकी भूमिका का पूरा सम्मान करते हैं।

हालांकि, जहां तक पवन कुमार का पार्टी से जुड़ा चुनावी इतिहास है, वह हमेशा संदिग्ध रहा है और अनेक अवसरों पर उनकी गतिविधियां पार्टी विरोधी रही हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि पवन कुमार ने वर्ष 2012, 2017 और 2022 में भोरंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। इनमें वर्ष 2012 का चुनाव उन्होंने भाजपा के कद्दावर नेता और हिमाचल प्रदेश सरकार में कई बार कैबिनेट मंत्री रहे स्वर्गीय ईश्वर दास धीमान के विरुद्ध लड़ा था।

इसके अतिरिक्त, जिला परिषद के जिन-जिन चुनावों में उन्होंने भाग लिया, उनमें भी पार्टी की अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध और संगठन की निर्धारित लाइन से हटकर चुनाव लड़ने का इतिहास रहा है। इन चुनावों में उन्होंने पार्टी हाईकमान को विश्वास में लेना भी उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि पवन कुमार का भोरंज क्षेत्र में अपना जनाधार और मतदाता समर्थन है, लेकिन पार्टी के प्रति चुनावी आचरण और संगठनात्मक निष्ठा का भी अपना महत्व होता है।

केवल व्यक्तिगत जनाधार किसी व्यक्ति की पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण नहीं हो सकता। राकेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की किसी भी विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित करने का अधिकार भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और पार्टी हाईकमान के पास है। इसलिए टिकट से संबंधित किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सिफारिश या बयान देने से पहले पार्टी संगठन से उचित विचार-विमर्श किया जाना चाहिए।

उन्होंने दोहराया कि प्रकाश चंद शर्मा एक सम्मानित समाजसेवी और सामाजिक क्षेत्र में अच्छा स्थान रखने वाले व्यक्ति हैं तथा उनके विचारों का व्यक्तिगत स्तर पर सम्मान है। लेकिन पार्टी के नीतिगत और संगठनात्मक मामलों में बिना संगठन से परामर्श किए सार्वजनिक रूप से इस प्रकार के विचार रखना पार्टी की स्थापित कार्यप्रणाली के अनुरूप नहीं है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

भाजपा के टिकट वितरण और उम्मीदवार चयन के नियमों पर राकेश ठाकुर की टिप्पणी से यह स्पष्ट होता है कि पार्टी का निर्णय केवल उच्चकमान पर निर्भर है, न कि जनता पर। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि चुनावी पारदर्शिता और उम्मीदवारों की योग्यता पर सवाल उठते हैं। यदि चयन प्रक्रिया में योग्यता और सक्रियता को प्राथमिकता दी जाती है, तो इससे जनता को बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सकता है, लेकिन अगर यह केवल उच्चकमान की इच्छा पर निर्भर हो, तो मतदाताओं का विश्वास कम हो सकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।