व्यापार

तीन दिन के अवकाश के बाद आज फिर से शुरू होगी मॉनसून सत्र की कार्यवाही

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
तीन दिन के अवकाश के बाद आज फिर से शुरू होगी मॉनसून सत्र की कार्यवाही

नैनो यूरिया की कालाबाजारी और युवा रोजगार गारंटी मुद्दे पर सदन में हो सकता है हंगामा

अगस्त 31, शिमला (हिमाचल प्रदेश): तीन दिन के अवकाश के बाद आज फिर से हिमाचल प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र की कार्यवाही दोपहर बाद 2 बजे प्रश्न काल के साथ होगी जिसमें विधायकों द्वारा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार,कानून व्यवस्था और उद्योगों से संबंधित महत्वपूर्ण सवाल सरकार से पूछे गए हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस सप्ताह की सरकारी कार्यसूची पर वक्तव्य देंगे।

मुख्यमंत्री दो दस्तावेज सदन में रखेंगे जिसमें विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के यात्रा भत्ता (संशोधन) नियम 2026 और दूसरा दस्तावेज मानवाधिकार आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन 2025-26 है। इसके साथ ही कल्याण समिति के सभापति मोहन लाल ब्राक्टा अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे। नियम-62 के तहत दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाए जाएंगे।

फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया डिपो होल्डरों द्वारा किसानों को सामान्य यूरिया के साथ जबरन नैनो यूरिया प्लस बेचने का मामला उठाएंगे। वहीं श्री नैना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा अपने क्षेत्र की संपर्क सड़कों की बदहाल स्थिति पर सरकार से जवाब मांगेंगे। नियम-130 के तहत दो अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी।

विपक्ष के पांच विधायक रणधीर शर्मा, सुधीर शर्मा, राकेश जम्वाल, डॉ. हंस राज और जीत राम कटवाल युवाओं के लिए रोजगार संदर्भित गारंटी लागू करने की मांग को लेकर प्रस्ताव चर्चा के लिए लाएंगे। वहीं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया जल विद्युत परियोजनाओं से रॉयल्टी, फ्री पावर और जल उपकर की बकाया वसूली को लेकर प्रस्ताव सदन में चर्चा के लिए रखेंगे।

A
AIR Shimla

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।