विदेश

तीन माह बाद खुला सरिस्का

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
तीन माह बाद खुला सरिस्का

30 जिप्सी और 10 कैंटर से करीब 300 पर्यटकों ने की सफारी, जर्मनी-अमेरिका समेत देशभर से पहुंचे पर्यटक, नए रूट और सुविधाओं पर जोर

अलवर, 1 अक्टूबर। विश्व प्रसिद्ध सरिस्का टाइगर रिजर्व गुरुवार, 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। तीन महीने के अंतराल के बाद शुरू हुए नए पर्यटन सीजन के पहले दिन सुबह करीब 6:30 बजे पहली सफारी को पार्क में प्रवेश दिया गया। सरिस्का प्रशासन ने देशी-विदेशी पर्यटकों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर, माला पहनाकर और अलवर की प्रसिद्ध मिठाई मिल्क केक खिलाकर स्वागत किया।

पहले दिन सुबह की पारी में 30 जिप्सी और 10 कैंटर के जरिए करीब 300 पर्यटकों ने जंगल सफारी की। सुबह से ही बड़ी संख्या में पर्यटक सरिस्का पहुंचने लगे, वहीं शाम की पारी में सफारी के लिए भी पर्यटकों की भीड़ नजर आई।सरिस्का के पहले दिन जर्मनी, अमेरिका और देश के विभिन्न शहरों से पर्यटक पहुंचे। विदेशी पर्यटकों ने सरिस्का के जंगल और प्राकृतिक वातावरण को लेकर खुशी जताई। पर्यटकों का कहना था कि वे वन्यजीवों को करीब से देखने के लिए यहां पहुंचे हैं और टाइगर की साइटिंग होने पर उनकी यात्रा और भी यादगार हो जाएगी।

दिल्ली-एनसीआर, मुंबई समेत अन्य शहरों से पहुंचे पर्यटक भी पहले दिन सफारी करने को लेकर उत्साहित नजर आए। कई पर्यटकों ने कहा कि वे खास तौर पर वन्यजीवों को देखने और जंगल के प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लेने सरिस्का पहुंचे हैं।सरिस्का प्रशासन की ओर से पर्यटकों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई। पर्यटकों के तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत के साथ उन्हें अलवर का प्रसिद्ध मिल्क केक भी खिलाया गया।

सरिस्का प्रशासन की ओर से इस पर्यटन सीजन में पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए नए रूट तैयार किए जा रहे हैं। बफर जोन में शुरू किए गए नए रूट से भी पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में कुछ और नए रूट पर्यटकों के लिए खोले जाएंगे।

पर्यटकों को सरिस्का और यहां के वन्यजीवों के बारे में बेहतर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कन्वेंशन सेंटर भी विकसित किया जा रहा है। पहले दिन टाइगर मैराथन की टीम भी सरिस्का पहुंची। टीम ने देशी और विदेशी पर्यटकों से मुलाकात कर वर्ष 2027 में प्रस्तावित टाइगर मैराथन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। टीम संयोजक अरुण सिंह ने पर्यटकों को आयोजन की जानकारी दी।

सरिस्का में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ वन्यजीव पर्यटन को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि नए पर्यटन सीजन में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक पर्यटकों के सरिस्का पहुंचने की संभावना है।

बाइट — संग्राम सिंह, फील्ड डायरेक्टर, सरिस्का

बाइट — अरुण सिंह, संयोजक, टाइगर मैराथन टीम

बाइट — सिनेच, विदेशी पर्यटक, जर्मनी बाइट — चित्रा, महिला पर्यटक

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।