राजनीति

तिरंगे में विदा हुए शहीद हवलदार राजेश कुमार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
तिरंगे में विदा हुए शहीद हवलदार राजेश कुमार

नीमकाथाना के माधोगढ़ में सेना के हवलदार राजेश कुमार का पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बबाई से माधोगढ़ तक तिरंगा यात्रा निकली, सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और पुत्र आदित्य ने मुखाग्नि दी।

नीमकाथाना, 7 अक्टूबर। माधोगढ़ गांव में मंगलवार शाम सेना के हवलदार राजेश कुमार का पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 41 वर्षीय हवलदार राजेश कुमार पुत्र हवलदार छोटूराम 20 ग्रेनेडियर में तैनात थे। वर्तमान में वे बेंगलुरु में ट्रेनिंग कर रहे थे। ट्रेनिंग के दौरान सोमवार सुबह अचानक सीने में दर्द के बाद हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया।

मंगलवार शाम जब हवलदार राजेश कुमार की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव माधोगढ़ पहुंची तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। पत्नी नवीना देवी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्र के लोग पहुंचे और नम आंखों से जवान को श्रद्धांजलि दी।

हवलदार राजेश कुमार के सम्मान में बबाई स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय से माधोगढ़ तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों युवा दुपहिया वाहनों पर हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के उद्घोष के साथ यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

माधोगढ़ में सेना की ओर से 13 ग्रेनेडियर गंगा जैसलमेर जयपुर से नायक सूबेदार करतार सिंह के नेतृत्व में पहुंची टुकड़ी ने हवलदार राजेश कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सैन्य सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई।

इस दौरान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश जांगिड़, तहसीलदार सुभाष चंद्र, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम धर्मपाल गुर्जर, पूर्व ऊर्जा एवं जलदाय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, पूर्व विधायक हजारीलाल गुर्जर, पूर्व प्रधान मनीषा गुर्जर और मदन लाल गुर्जर सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

अंतिम संस्कार के दौरान हर किसी की आंखें नम थीं। सैन्य सम्मान के बीच हवलदार राजेश कुमार के पुत्र आदित्य ने अपने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। देश की सेवा में समर्पित जवान को ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

बाइट - कर्नल सुरेश जांगिड़, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी

बाइट - डॉ जितेंद्र सिंह, पूर्व ऊर्जा मंत्री व पूर्व विधायक

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।