अपराध

टोंक में शहीद जवानों को नमन, शहीद की पत्नी का हुआ सम्मान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
टोंक में शहीद जवानों को नमन, शहीद की पत्नी का हुआ सम्मान

टोंक में पुलिस शहीद दिवस पर वीर जवानों को नमन, शहीद भागचंद सैनी की पत्नी का किया सम्मान

टोंक, 21 अक्टूबर। पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर टोंक पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस जवानों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र और पुष्प अर्पित करने के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर वीर जवानों को नमन किया गया।

पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा सहित पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों के बलिदान को याद किया। इस दौरान शोक शस्त्र के बाद हवाई फायर कर शहीदों को सलामी दी गई।

SP रोशन मीणा ने कहा कि 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की बहादुरी, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम के दौरान हाल ही में शहीद हुए पुलिस जवान स्वर्गीय भागचंद सैनी की पत्नी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहीद के परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया।

इसके बाद शहीद भागचंद सैनी की पत्नी, उनके छोटे बच्चों और पिता ने पुलिस लाइन ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक के पास पौधारोपण किया। इस पहल के जरिए शहीद की स्मृति को संजोने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम में शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर एडीशनल एसपी रतन लाल भार्गव, डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी और जवान मौजूद रहे।

पुलिस शहीद दिवस हमें याद दिलाता है कि देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और आमजन की रक्षा के लिए पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। शहीद जवानों का सर्वोच्च बलिदान सदैव पुलिस बल और देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

BITE - रोशन मीणा, पुलिस अधीक्षक, टोंक ।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।