उज्जैन- 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के पूर्वरंग में मंगल कलश की घटस्थापना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
देवप्रबोधिनी एकादशी से प्रारंभ होने जा रहे 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के पूर्वरंग में शुक्रवार को धर्म, संस्कृति, आस्था और लोक परंपराओं का अनुपम संगम देखने को मिला। महाकवि कालिदास की साहित्य साधना और भारतीय सांस्कृतिक चेतना को समर्पित समारोह के शुभारंभ की मंगलकामना के साथ कालिदास अकादमी परिसर में मंगल कलश की घटस्थापना की गई। इसके पूर्व निकली भव्य मंगल कलश यात्रा ने संपूर्ण अवंतिका नगरी को आध्यात्मिक उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से अभिसिंचित कर दिया।
प्रातः 7 बजे पवित्र शिप्रा नदी के जल से मंगल कलश भरा गया। शिप्रा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। पंडित महेंद्र पंड्या ने पूजन संपन्न कराया। इसके पश्चात मंगल कलश को मां हरसिद्धि मंदिर, बड़े गणेश मंदिर और भूतभावन भगवान महाकाल के चांदी द्वार पर दर्शन कराए गए। धर्मनगरी उज्जयिनी के प्रमुख देवस्थानों की यह मंगलमयी परिक्रमा मानो समारोह के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की सामूहिक प्रार्थना बन गई।
शिप्रा तट पर आयोजित पूजन में कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक डॉ. गोविंद गंधे, केंद्रीय कालिदास समिति के सदस्य रूप पमनानी, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज तथा कालिदास समिति के सचिव प्रो. शैलेंद्र शर्मा उपस्थित थे। घंटाघर चौराहे से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में नगर निगम सभापति कलावती यादव विशेष रूप से सम्मिलित रहीं।
टॉवर चौक से शहीद पार्क, इंदिरा गांधी चौराहा और तीन बत्ती चौराहा होते हुए यात्रा देवास रोड से कालिदास अकादमी पहुंची। यात्रा के पूरे मार्ग पर रंगोली दलों ने आकर्षक रंगोलियां सजाकर उत्सव के वातावरण को और अधिक मनोहारी बना दिया। 33 सांस्कृतिक दलों की सहभागिता ने यात्रा को बहुरंगी स्वरूप प्रदान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना और स्काउट दलों ने अनुशासित मार्चपास्ट के माध्यम से अनुशासन और सेवा भावना का परिचय दिया। विभिन्न बैंड दलों की कर्णप्रिय धुनों के साथ घोष पथक और पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों ने वातावरण में उत्सवधर्मिता का संचार किया।
मालवा की समृद्ध लोक संस्कृति भी इस यात्रा का विशेष आकर्षण रही। कृष्ण वर्मा के मालवा लोक कला केंद्र के माच कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया। गिरधारीलाल गहलोत के दर्शन लोक कला मंडल ने मयूर, घोड़ा और छतरी लोककलाओं के माध्यम से लोकजीवन के रंग बिखेरे। लोकमान्य तिलक के सोमेश शर्मा और सीमा राजोरिया के नेतृत्व में घोष दल एवं लाजिम दल ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
दिव्य शक्ति पारंपरिक कला केंद्र की बालिकाओं ने रजनी नरवरिया और मीनाक्षी चौधरी के नेतृत्व में लाठी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। शंखनाद, शहनाई, ढोल और ताशों की गूंज ने यात्रा को धार्मिक अनुष्ठान के साथ लोक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
खुली जीप में मंगल कलश के साथ केंद्रीय समिति के सदस्य रूप पमनानी सवार थे। इस बार की कलश यात्रा की विशेषता यह रही कि इसमें समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता दिखाई दी। मार्ग में रविदास समाज, बलाई समाज, संस्कार भारती, सिख समाज, जैन समाज, मांझी आदिवासी पंचायत समाज, महाराष्ट्र समाज, बैरवा समाज, यादव समाज, ब्राह्मण समाज और हम फाउंडेशन सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। यह दृश्य उज्जयिनी की सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और सामूहिक सहभागिता का सुंदर प्रतीक बन गया।
जैसे ही मंगल कलश कालिदास अकादमी परिसर पहुंचा, संस्कृत श्लोकों और वैदिक ऋचाओं की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक चेतना से भर उठा। विधिवत घटस्थापना के साथ समारोह के पूर्वरंग का मंगलमय शुभारंभ हुआ। शिप्रा के पवित्र जल, देवालयों की आस्था, संस्कृत के स्वर, मालवा की लोककलाओं और समाज की सामूहिक भागीदारी ने यह संदेश दिया कि कालिदास समारोह केवल साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक वैभव का जीवंत उत्सव है। कलश यात्रा का सफल संचालन अनिल बारोड के नेतृत्व में हुआ।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
उज्जैन में 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के पूर्वरंग में मंगल कलश की घटस्थापना की गई, जो महाकवि कालिदास के साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक चेतना के प्रति समर्पित एक प्रमुख कार्यक्रम है। यह कदम धर्म, संस्कृति और लोक परंपराओं के संगम को दर्शाता है, जिससे कार्यक्रम की आध्यात्मिक और सामाजिक महत्ता बढ़ती है। ऐसे आयोजनों से नागरिकों में सांस्कृतिक गर्व और ऐतिहासिक जागरूकता बढ़ती है, तथा स्थानीय पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान मिलता है।
🎙️ जनता का संदेश का मत
कला और परंपरा का संगम हमें यह सिखाता है कि संघर्ष के बावजूद सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखना समाज की एकजुटता की कुंजी है। जब भी किसी विवाद से हिंसा की ओर रुख हो, तो संवाद और कानूनी मार्ग अपनाने से न केवल शांति बनी रहती है, बल्कि सांस्कृतिक मूल्यों को भी बचाया जा सकता है। हमें अपने समाज को सहिष्णुता और सम्मान के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देनी चाहिए।