उज्जैन- अंडरपास निर्माण के लिए विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, निर्माण कार्य की गति बढ़ाएं : संभागायुक्त श्री सिंह
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रविवार को संभागायुक्त-सह-सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम, एमपीआरडीसी एवं पीडब्ल्यूडी द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।
संभागायुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सर्वप्रथम हरीफाटक ब्रिज के नीचे प्रस्तावित अंडरपास निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित इंजीनियरों से अंडरपास निर्माण की प्रस्तावित कार्ययोजना एवं ड्राइंग के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत यह अंडरपास अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसके निर्माण से क्षेत्र में यातायात का आवागमन सुगम होगा तथा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अंडरपास निर्माण से जुड़े नगर निगम, पीडब्ल्यूडी एवं एमपीआरडीसी के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य योजना तैयार कर निर्माण कार्य को गति दें। सभी विभाग एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक तकनीकी एवं निर्माण संबंधी कार्यों को समय पर पूर्ण करें, ताकि किसी भी स्तर पर कार्य प्रभावित न हो।
इसके बाद शंकराचार्य चौराहा से मुरलीपुरा तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया गया। संभागायुक्त श्री सिंह ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सड़क निर्माण कार्य मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज, पेयजल पाइपलाइन तथा विद्युत पोल शिफ्टिंग सहित अन्य संबंधित कार्य भी आपसी समन्वय से समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने नगर निगम द्वारा केटीएम शोरूम से नीलगंगा चौराहा तक किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क को सांवेर रोड से जोड़ा जाएगा। मुख्य मार्ग से जुडऩे वाली सड़क के लिए जंक्शन विकसित किया जाना प्रस्तावित है। संभागायुक्त श्री सिंह ने मौके पर ड्राइंग के माध्यम से प्रस्तावित जंक्शन की जानकारी ली तथा अधिकारियों को विस्तृत एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।