उज्जैन- खसरा प्रकोप से निपटने की 02 दिवसीय कार्यशाला आयोजित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान संभावित खसरा प्रकोप की स्थिति का क्रमिक रूप से अनुकरण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अपनी निर्धारित भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों के अनुसार प्रतिक्रिया दी गई। इसमें सूचना प्राप्त होने से लेकर मामले की जांच, संपर्क एवं जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान, आवश्यक प्रतिक्रिया गतिविधियों की योजना, सूचना एवं आंकड़ों का आदान-प्रदान तथा विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया।
सिमुलेशन (पूर्वाभ्यास) कार्यशाला के दूसरे चरण में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पिपलियाराघो में फील्ड एक्सरसाइज एवं ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान संभावित खसरा मामले की पहचान एवं रिपोर्टिंग, प्रारंभिक जांच, आवश्यक सूचना का संप्रेषण, फील्ड स्तर पर प्रतिक्रिया तथा संबंधित स्वास्थ्य टीमों के बीच समन्वय की प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से परखा गया। साथ ही फील्ड ड्रिल के माध्यम से यह आकलन किया गया कि जमीनी स्तर पर संभावित प्रकोप की स्थिति में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, निगरानी तंत्र और त्वरित प्रतिक्रिया दल कितनी प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से कार्य कर सकते हैं।
अभ्यास के दौरान जोखिम संचार को भी महत्वपूर्ण घटक के रूप में शामिल किया गया। दोनों दिनों की गतिविधियों के दौरान प्रतिभागी दलों के प्रदर्शन का व्यवस्थित मूल्यांकन किया गया। इन निष्कर्षों का उपयोग जिले की मौजूदा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने तथा भविष्य में वास्तविक प्रकोप की स्थिति में अधिक प्रभावी एवं समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा।