राज्य

उज्जैन- कोई भी स्कूल जीर्ण-शीर्ण भवन मे संचालित नहीं किया जाये : संभागायुक्त

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 25 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
उज्जैन- कोई भी स्कूल जीर्ण-शीर्ण भवन मे संचालित नहीं किया जाये : संभागायुक्त

संभागायुक्त आशीष सिंह ने उज्जैन संभाग के सभी जिलों में स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता परीक्षण एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की मानीटरिग के लिए संभाग स्तर से दल गठित करने के निर्देश दिए हैं। दल में पीजीबीटी, डाइट के शिक्षक एवं अन्य शिक्षा विशेषज्ञों को रखा जाएगा। यह दल संभाग के स्कूलों में जाकर सर्वेक्षण करेगा तथा गुणवत्ता की रिपोर्ट संभागायुक्त को प्रस्तुत करेगा।

संभागायुक्त ने आज समीक्षा बैठक में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को कहा है कि किसी भी जिले में एक भी स्कूल में बच्चों की कक्षाओं का संचालन जीर्ण-शीर्ण भवन में नहीं किया जाये। बैठक में उपायुक्त राजस्व राजेंद्र वर्मा, संयुक्त संचालक शिक्षा एवं संभाग के सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक शामिल थे।

बैठक में छात्रों के नामांकन, पुस्तक परिवहन एवं पुस्तक वितरण, साइकिल वितरण, स्कूटी वितरण तथा लैपटॉप वितरण योजना की समीक्षा की गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में पुस्तक वितरण में पुस्तकों की कमी हुई है, उन्हें समय-सीमा में पूरा करवाया जाए।

बैठक में बताया गया कि पुस्तकों के परिवहन का लक्ष्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है तथा वितरण की प्रगति भी संतोषजनक है। कक्षा 6वीं के बच्चों को साइकिल वितरण योजना में कुल 14,387 बच्चों को साइकिल वितरित की जाना है। साइकिल वितरण की स्वीकृति जारी कर दी गई है। समारोहपूर्वक इनका वितरण होगा।

इसी तरह संभाग में कुल 762 छात्र-छात्राओं को स्कूटी वितरण होना है। कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत अंक लाने वाले छात्रों को लैपटॉप वितरण की योजना के तहत 14,116 छात्रों को लैपटॉप की राशि वितरित की जाना है। इसमें से 13,772 छात्रों को राशि का वितरण हो चुका है एवं शेष प्रक्रियाधीन है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ योजना के अंतर्गत संभाग में स्कूलों में 1,81,315 पौधों का रोपण किया गया है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।