उज्जैन- मुख्यमंत्री ने विद्या भारती की मानव बाल कल्याण समिति के बहुउद्देशीय महाकालपुरम प्रकल्प का किया भूमि पूजन, प्रकल्प के लिए पहले से स्वीकृत 75 लाख रुपये के अतिरिक्त एक करोड़ 25 लाख रुपये देने की घोषणा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जियापुरा में विद्या भारती की मानव बाल कल्याण समिति के बहुउद्देशीय महाकालपुरम प्रकल्प का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रकल्प के लिए पहले से स्वीकृत 75 लाख रुपये के अतिरिक्त 1 करोड़ 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आदर्श विद्यालयों के माध्यम से नई पीढ़ी में संस्कार विकसित होंगे। विद्यालयों में सभी विद्यार्थी समान रूप से शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन में गुरु सांदीपनि की परंपरा का निर्वहन करते हुए कृष्ण और सुदामा जैसी नई पीढ़ी तैयार होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाअष्टमी के अवसर पर उज्जैन में शिक्षा के नए चरण की शुरुआत हो रही है। शहर में पहले से दो सरस्वती शिशु मंदिर मध्यप्रदेश बोर्ड के अधीन संचालित हैं, जबकि महाकालपुरम प्रकल्प में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा, संत श्याम गिरी महाराज, महापौर मुकेश टटवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।