उज्जैन- निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी रखने वाले ठेकेदारों पर 2 से 5 लाख तक की पेनल्टी लगेगी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
संभागायुक्त आशीष सिंह ने आज सिंहस्थ मेला कार्यालय में सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा की तथा कहा कि बारिश खत्म होने को है, सड़क निर्माण व चौड़ीकरण के कार्य को तेजी से करने के लिए साइट पर संसाधनों की मोबिलिटी करते हुए सभी कार्य समय पर पूरे किये जाये।
संभागायुक्त ने उच्च अधिकारियों की समीक्षा के लिए तैयार किये जाने वाले प्रेजेंटेशन में आंकड़े अपडेटेड नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि भविष्य में प्रस्तुत की जाने वाली जानकारी वास्तविक व अपडेटेड होना चाहिये। गलत जानकारी प्रस्तुति किये जाने पर संबंधित इंजीनियर को निलंबित कर दिया जायेगा।
बैठक में अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि हरसिद्धि पाल से लेकर रामघाट तक के सड़क निर्माण के लिए मार्किंग कर दी गई है, कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। इसी तरह महाकाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सेंट्रल लाइन की मार्किंग हो गई है। महाकाल सवारी के कारण काम रुका हुआ था, अब काम शुरू हो जाएगा। गुदरी पानदरीबा सड़क में भी सेंट्रल मार्किंग हो गई है।
घाट अपग्रेडेशन का काम शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह से जयसिंहपुरा चौराहे का सौंदर्यीकरण, भगत सिंह मार्ग से नरसिंह घाट, कार्तिक चौक से दानी गेट तक के रोड का चौड़ीकरण कार्य के लिए भी मार्किंग हो चुकी है। संभागायुक्त द्वारा नीलगंगा से महाकाल तथा जयसिंहपुरा अंडरपास एवं नूतन स्कूल तक के मार्ग निर्माण में जो भी समस्या आ रही है, उसे एक सप्ताह में दूर करने के लिए कहा गया है।
सभी निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कार्य की शुरुआत से ही स्पीड को मेंटेन करना चाहिए। अनावश्यक 15 दिन तक तैयारी में समय जाया नहीं करना चाहिए। सिंहस्थ अब नजदीक है, इसलिए कार्य तेजी से करना आवश्यक है। बताया गया कि सिंधी कॉलोनी से नीलगंगा तक के सड़क मार्ग का डामरीकरण बारिश समाप्त होने के तुरंत बाद कर दिया जाएगा।