अपराध

उज्जैन- संभागायुक्त और कलेक्टर ने हरिफाटक अंडरपास एवं एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
उज्जैन- संभागायुक्त और कलेक्टर ने हरिफाटक अंडरपास एवं एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया

नियमित निरीक्षण के तहत संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने हरिफाटक ब्रिज के समीप पीडब्ल्यूडी सिंहस्थ डिवीजन द्वारा निर्माणाधीन अंडरपास के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। यहां 629 मीटर लंबा अंडरपास तथा 7.5-7.5 मीटर के कैरिज-वे का निर्माण किया जा रहा है।

संभागायुक्त श्री सिंह ने अंडरपास निर्माण की प्रगति के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था, निर्माण के दौरान वाहनों की आवाजाही तथा यातायात प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अंडरपास निर्माण के दौरान आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात भी सुचारू रूप से चलता रहे।

इसके लिए यातायात पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर वैकल्पिक मार्गों की कार्ययोजना तत्काल तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात डायवर्जन की व्यवस्था इस प्रकार की जाए कि निर्माण कार्य की गति भी प्रभावित न हो और आमजन को अनावश्यक परेशानी ना हो। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

यातायात डायवर्जन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा एवं संकेतक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संभागायुक्त श्री सिंह ने हरिफाटक ब्रिज चौराहे पर तैनात यातायात पुलिस जवान प्रहलाद सिंह परमार से भी यातायात संचालन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर यातायात व्यवस्था के संबंध में उनके सुझाव भी प्राप्त किए।

इसके बाद संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने गदापुलिया चौराहा, इंदौर गेट चौराहा एवं निकास चौराहा क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर तथा मार्ग कनेक्टिविटी से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के यातायात डीएसपी दिलीप सिंह परिहार, पीडब्ल्यूडी सिंहस्थ डिवीजन के अधिकारी एवं इंजीनियर तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

🎙️ जनता का संदेश का मत

उन्नति के पथ पर चलते हुए हमें यह याद रखना चाहिए कि हर निर्माण कार्य के पीछे समाज की सुरक्षा और सुविधा की ज़िम्मेदारी है। निरीक्षण से प्रगति का पता चलता है, परंतु योजना में पारदर्शिता और पर्यावरण संरक्षण भी अनिवार्य है। जब भी किसी कार्य में देरी या अनियमितता दिखे, तो तुरंत रिपोर्टिंग और सुधार की मांग करनी चाहिए। इस तरह हम न केवल अपने भविष्य को सुरक्षित करते हैं, बल्कि समाज में विश्वास और समर्पण का संदेश भी प्रसारित करते हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।