राज्य

उज्जैन - सिंहस्थ-2028 के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर, इंजीनियरों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
उज्जैन - सिंहस्थ-2028 के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर, इंजीनियरों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

सिंहस्थ महापर्व-2028 के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को निर्माण एजेंसियों के इंजीनियरो के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में निर्माण कार्यों में गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल स्थित कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांस कूमट उपस्थित रहे। कार्यशाला में सिंहस्थ-2028 के अंतर्गत थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन के लिए नियुक्त (PSU CEIL) विशेषज्ञों द्वारा निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों के उपयंत्री, सहायक यंत्री एवं कार्यपालन यंत्री स्तर के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता नियंत्रण के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने चित्रों एवं तकनीकी उदाहरणों के माध्यम से निर्माण कार्यों के विभिन्न चरणों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान (सरिया) की उचित बाइंडिंग, सीमेंट के सुरक्षित एवं मानक अनुरूप भंडारण, कंक्रीट की उचित तराई (क्योरिंग), कंक्रीट की आवश्यक स्ट्रेंथ तथा निर्माण कार्योंं में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के पालन से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदुओं पर जानकारी दी गई।

कार्यशाला में अधिकारियों को बताया गया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता केवल अंतिम निरीक्षण के समय ही नहीं, बल्कि कार्य के प्रत्येक चरण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित की जाना आवश्यक है। इसके लिए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, उसके भंडारण, उपयोग की निर्धारित प्रक्रिया तथा निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों की निरंतर निगरानी पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।