उज्जैन- सिंहस्थ बायपास एवं उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन का निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें : संभागायुक्त
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण सभी सड़क परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कार्यों की गति बढ़ाने के साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने सर्वप्रथम एमपीआरडीसी के माध्यम से निर्माणाधीन सिंहस्थ बायपास परियोजना का निरीक्षण किया। मौके पर एमपीआरडीसी के अधिकारियों द्वारा परियोजना की प्रगति की जानकारी दी गई। बताया गया कि सिंहस्थ बायपास फोरलेन मार्ग की कुल लंबाई 19.8 किलोमीटर है। परियोजना में अब तक सबग्रेड का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि जीएसबी एवं पुलिया निर्माण का कार्य प्रगतिरत है।
संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए मासिक लक्ष्य निर्धारित कर कार्य की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान कार्यस्थल पर विभागीय इंजीनियर नियमित रूप से मौजूद रहें तथा निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का विशेष रूप से परीक्षण एवं निरीक्षण सुनिश्चित करें।
इसके पश्चात संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने सोड़ंग-उन्हेल मार्ग पर उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि 98.7 किलोमीटर लंबे उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन मार्ग में सबग्रेड, जीएसबी एवं पुलिया निर्माण के कार्य प्रगतिरत हैं।
संभागायुक्त श्री सिंह ने कार्य की प्रगति के अनुरूप स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए आवश्यकतानुसार संसाधनों में वृद्धि करने के निर्देश दिए।संभागायुक्त श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नानाखेड़ा से लाल गेट के बीच काला पत्थर चौराहे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग सिंहस्थ डिविजन के अधिकारियों को चौराहे पर यातायात की दृष्टि से व्यवस्थित करने तथा सर्विस रोड को जोड़कर आवागमन को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।