उज्जैन- विजया दशमी पर्व पर राजसी ठाट-बाट से निकली भगवान महाकाल की सवारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दशहरा पर्व के अवसर पर मंगलवार को महाकालेश्वर मंदिर के सभा मंडप में भगवान मनमहेश का पूजन कर पालकी को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने पालकी में विराजित भगवान मनमहेश को सलामी दी। सवारी मार्ग में बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान महाकाल का स्वागत कर भगवान के दर्शन लाभ प्राप्त किए।
सवारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार भगवान की पालकी पर ड्रोन द्वारा पुष्पों की वर्षा की गई। वहीं लाइव पेंटिंग भी की गई। संपूर्ण सवारी मार्ग में कलाकारों द्वारा रंगोली बनाई गई थी। सवारी में महाकालेश्वर मंदिर बैण्ड एवं पुलिस बैंड द्वारा शानदार प्रस्तुति दी गई। आदिवासी जनजाति नृत्य दल के कलाकार द्वारा नृत्य भी प्रस्तुति देते हुए सवारी के साथ चल रहे थे।
एल.ई.डी. रथों पर सवारी का प्रसारण किया जा रहा था। सवारी के साथ भजन मण्डलियां, वैदिक बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया। सवारी में तोपची कडाबीन, पुलिस घुड़सवार दल, सशस्त्र पुलिस जवान, भारत स्काउट गाइड, कांग्रेस सेवा दल, मार्ग उद्घोषक सम्मिलित रहे।
वर्ष में एक बार नए शहर फ्रीगंज में भ्रमण के लिए निकलने वाली बाबा महाकाल की सवारी महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, छोटा सराफा, सतीगेट, कंठाल, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा, देवास गेट, चामुंडा माता चौराहा, फ्रीगंज ओवरब्रिज, टॉवर, शहीद पार्क एवं माधव नगर चिकित्सालय के सामने पुलिस कंट्रोल रूम से होती हुई दशहरा मैदान पहुंची।