उम्र नहीं, अनुभव है ताकत वृद्धजनों का हो सम्मान: धनीराम शांडिल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
हिमकेयर योजना को लेकर बोले: लंबित भुगतान जल्द होंगे क्लियर, व्यवस्था पटरी पर लाने के हो रहे प्रयास
अक्तूबर 01, शिमला (हिमाचल प्रदेश): अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर शिमला के गेयटी थियेटर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने शिरकत की। ऐतिहासिक रिज मैदान पर उन्होंने वृद्धजनों की वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान शांडिल ने बुजुर्गों के सम्मान, उनके अनुभव और समाज में योगदान को लेकर अपनी बात रखी।
वहीं हिमकेयर योजना के तहत इलाज में आ रही परेशानियों और लंबित भुगतानों के सवाल पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने सरकार का पक्ष रखा और कहा कि लंबित देनदारियों को जल्द निपटाया जाएगा। वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की महत्वपूर्ण ताकत हैं। उन्होंने अपने जीवन में खेती, बागवानी, शिक्षा और परिवार के पालन-पोषण सहित समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उम्र केवल एक संख्या है और बुजुर्गों के पास जीवन का व्यापक अनुभव है, जिसका लाभ युवा पीढ़ी और समाज को उठाना चाहिए। उन्होंने वृद्धजनों के साथ हिंसा और तिरस्कार न करने तथा उनके स्वाभिमान और सम्मान को बनाए रखने की अपील की। वहीं हिमकेयर योजना के तहत इलाज में आ रही परेशानियों और निजी अस्पतालों के लंबित भुगतान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सुधार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब हिमकेयर के सभी पात्र लोगों के कार्ड चलेंगे और विभाग तक सही जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। लंबित भुगतानों को लेकर शांडिल ने कहा कि पुरानी देनदारियों के निपटारे में समय लगा है, लेकिन अब सभी लंबित मामले अंतिम चरण में हैं और जल्द ही उनका भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार हिमकेयर की पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित करने में जुटी है।
बाइट: धनीराम शांडिल, स्वास्थ्य मंत्री, हिमाचल प्रदेश