ऊना के बदोली में दिवाली की रात खूनी संघर्ष, थार से कुचलकर दंपती की हत्या
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दीपावली की रात जिला ऊना के बदोली गांव में पटाखे चलाने को लेकर दो परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुरानी रंजिश के चलते हुई इस घटना में एक दंपती की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर दराट और तेजधार हथियारों से हमला किया। वहीं, दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे के साथ थार गाड़ी में उनके घर के बाहर पहुंचा और परिवार के सदस्यों पर गाड़ी चढ़ा दी।
इस घटना में 43 वर्षीय ओंकार सिंह और उनकी 42 वर्षीय पत्नी वीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, ओंकार सिंह के पिता अजमेर सिंह और माता सुषमा देवी भी घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष से जरनैल सिंह और उसका 15 वर्षीय बेटा केशव ठाकुर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी हंगामा और मारपीट होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर लिए हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने इसकी पुष्टि की है।