राज्य

ऊना में नशे के खिलाफ युवाओं की आवाज बनेगा एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
ऊना में नशे के खिलाफ युवाओं की आवाज बनेगा एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन

अगस्त 11, ऊना (हिमाचल प्रदेश): एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन में युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने और आयोजन की व्यवस्थाओं को पुख्ता बनाने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पुलिस महानिरीक्षक विमल गुप्ता ने शुक्रवार को ऊना में डीआरडीए सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर 16 सितंबर को प्रस्तावित वॉकाथॉन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त जतिन लाल तथा बनगढ़ पुलिस बटालियन की कमांडेंट डॉ. आकृति शर्मा सहित जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक ने आयोजन से संबंधित सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, प्रतिभागियों की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चिट्टा एवं अन्य नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेज विद्यार्थियों सहित अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही व्यापक जनभागीदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम सुबह 8 बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान में शुरू होगा।

देशभर में प्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइन्स’ की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का आगाज होगा। इसके बाद वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वहां से वापस इंदिरा गांधी खेल मैदान में संपन्न होगी। उन्होंने प्रतिभागियों से सुबह 8 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया, ताकि वे कार्यक्रम की शुरुआत से ही इसका हिस्सा बन सकें।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में होने वाला यह आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव बनेगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू वॉकाथॉन में शामिल होंगे। वह युवाओं से संवाद करेंगे, उनके साथ वॉकाथॉन में चलेंगे और नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देंगे। इस दौरान वह प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाएंगे।

गुप्ता ने बताया कि प्रतिभागियों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल और मार्ग पर छह पेयजल स्थल बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तीन स्थानों पर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। प्रतिभागियों को आने और वापसी के दौरान रिफ्रेशमेंट उपलब्ध करवाया जाएगा। क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण करने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे, जिन्हें वे डाउनलोड कर सकेंगे।

इसके अलावा प्रतिभागियों को एंटी-चिट्टा थीम वाली टी-शर्ट और कैप भी प्रदान की जाएंगी। पुलिस महानिरीक्षक ने शैक्षणिक संस्थानों से आग्रह किया कि विद्यार्थी अपने संस्थानों के बैनर के साथ वॉकाथॉन में शामिल हों। उन्होंने कहा कि ऐसे तख्ते अथवा लकड़ी के बैनर न लाए जाएं, जिनसे किसी प्रतिभागी को चोट लगने की आशंका हो।

विभिन्न स्थानों से आने वाली बसों पर भी एंटी-चिट्टा जागरूकता संबंधी बैनर लगाए जाएं, ताकि नशे के विरुद्ध संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचे। उपायुक्त जतिन लाल ने विद्यार्थियों के आवागमन के लिए की जा रही परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एसडीएम और नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यार्थियों को समय पर आयोजन स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा संबंधित उपनिदेशकों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेज विद्यार्थियों की वॉकाथॉन में भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से वॉकाथॉन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध इस जनजागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने में प्रशासन, पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और आमजन की सामूहिक भागीदारी महत्वपूर्ण है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा, सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।