देश

UNGA में बोले Benjamin Netanyahu, New York के मेयर जोहरान ममदानी यहूदियों को खतरे में डाल रहे

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 25 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
UNGA में बोले Benjamin Netanyahu, New York के मेयर जोहरान ममदानी यहूदियों को खतरे में डाल रहे

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने न्यूयार्क के महापौर जोहरान ममदानी पर आरोप लगाया कि वह गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई की आलोचना करके तथा उनके देश के बारे में झूठ फैलाकर यहां रहने वाले यहूदियों को खतरे में डाल रहे हैं। नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन के दौरान ममदानी को “न्यूयॉर्क का यहूदी विरोधी महापौर” करार दिया।

नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के एक हिस्से में उस व्यक्ति पर निशाना साधा, जिसने धमकी दी थी कि अगर वह यहां आते हैं उन्हें गिरफ्तार करवा दिया जाएगा। इजराइल के प्रधानमंत्री ने ममदानी का नाम लेते हुये अपने संबोधन में कहा, ‘‘ममदानी, जब से आप इस शहर के महापौर निर्वाचित हुये हैं, तब से कई यहूदी न्यूयॉर्क में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते।

वे मुझसे बात करते हैं, वे मुझसे कहते हैं कि यह वह शहर नहीं है जिसे हम याद करते हैं, यह बहुत जल्दी बदल गया।” यह नेतन्याहू और न्यूयार्क शहर के पहले मुस्लिम महापौर के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप की ताजा कड़ी है। ममदानी लंबे समय से गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई के मुखर आलोचक रहे हैं।

वह नेतन्याहू को “युद्ध अपराधी” बता चुके हैं, जो “फलस्तीनियों के खिलाफ भयावह नरसंहार के वास्तुकार” हैं। ममदानी ने कहा है कि इजराइल की आलोचना करना और फलस्तीनी अधिकारों की वकालत करना यहूदी विरोधी भावना नहीं है। महापौर ने इस सप्ताह न्यूयॉर्क में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी।

नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को अपने भाषण के दौरान इजराइल के समर्थन के लिए राष्ट्रपति की प्रशंसा की और कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप से बड़ा हमारा कोई साझेदार नहीं रहा है।” इस बीच, एक बयान में ममदानी ने गाजा में इजराइल की कार्रवाई की आलोचना दोहराई। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर, 2023 को हमास के नेतृत्व वाले हमलों के जवाब में नेतन्याहू द्वारा शुरू किए गए कड़े सैन्य अभियान के बाद से वहां 73,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

उन्होंने बयान में कहा, ‘‘जैसा कि वह बार-बार करते आए हैं, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने भाषण का इस्तेमाल फलस्तीनियों के खिलाफ अपने नरसंहार को सही ठहराने के लिए आधारहीन झूठ को दोहराने में किया। हालांकि कोई भी झूठ इस तथ्य को नहीं बदल सकता कि वह अब भी अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के उस गिरफ्तारी वारंट का विषय हैं, जिसमें (उनके खिलाफ) युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों का आरोप लगाया गया है।” पिछले साल महापौर चुनाव अभियान के दौरान ममदानी ने कहा था कि वह न्यूयार्क पुलिस को अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की ओर से नेतन्याहू के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का निर्देश देंगे।

हालांकि, हाल ही में उन्होंने स्वीकार किया था कि उनके पास इजराइली प्रधानमंत्री को हिरासत में लेने का अधिकार नहीं है। इसके बाद महापोर ने संघीय सरकार से नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का आग्रह किया, लेकिन ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। नेतन्याहू ने भाषण में कहा, “ममदानी, आपने मुझे यहां आने से रोकने की कोशिश की।

आपने मुझे चुप कराने की कोशिश की। लेकिन आप मुझे चुप नहीं करा सकते और न ही आप सच्चाई को दबा सकते हैं।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।