विदेश

यूपीः अमरोहा में चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू, 36 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपीः अमरोहा में चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू, 36 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य

अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र स्थित दि किसान सहकारी चीनी मिल कालाखेड़ा के पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और अपर जिलाधिकारी धीरेंद्र प्रताप ने यज्ञ में आहुतियां दीं। इसके बाद मिल की चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र की शुरुआत की।

अधिकारियों ने तौल कांटों पर नारियल भी फोड़ा। इस मौके पर बैलगाड़ी से गन्ना लेकर पहुंचे शेखुपुर झकड़ी गांव के किसान छत्रपाल सिंह और ट्रैक्टर-टिपलर से गन्ना लाने वाले भीकनपुर शर्की गांव के किसान महिपाल सिंह को शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने मिल प्रबंधन से किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि गन्ना खरीद से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया पारदर्शी और समय पर होनी चाहिए। मिल पूरी क्षमता से चले, ताकि किसानों को गन्ना तौलाने के लिए इंतजार न करना पड़े। अपर जिलाधिकारी धीरेंद्र प्रताप ने गन्ने की तौल में किसी भी तरह की गड़बड़ी पर कार्रवाई की बात कही। उन्होंने किसानों का भुगतान समय पर करने और खरीद केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

मिल के प्रधान प्रबंधक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस सत्र में 36 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मशीनों और उपकरणों की मरम्मत कर मिल को तैयार किया गया है।

बाइट - महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधायक, हसनपुर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।