देश

यूपी के अयोध्या में बलिदान दिवस पर शहीद कारसेवकों को दी गई श्रद्धांजलि, साधु-संतों और गणमान्य लोगों ने हुतात्मा स्थल पर किया नमन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपी के अयोध्या में बलिदान दिवस पर शहीद कारसेवकों को दी गई श्रद्धांजलि, साधु-संतों और गणमान्य लोगों ने हुतात्मा स्थल पर किया नमन

रामनगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान शहादत देने वाले कारसेवकों की स्मृति में बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। दिगंबर अखाड़ा स्थित हुतात्मा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों, महंतों और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर शहीद कारसेवकों को नमन किया।

इस मौके पर अयोध्या के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और राम जन्मभूमि मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य महंत राजकुमार दास समेत कई प्रमुख संत-महंत मौजूद रहे। सभी ने पूज्य परमहंस जी महाराज और राम जन्मभूमि आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले कारसेवकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में कारसेवकों का बलिदान इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं, महंत राजकुमार दास ने कहा कि पांच सौ वर्षों के लंबे संघर्ष और अनेक लोगों की शहादत के बाद भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से सनातन धर्म और भारत की अस्मिता को नई पहचान मिली है। राम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन में कारसेवकों के संकल्प और समर्पण को पूरा समाज सदैव याद रखेगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।