यूपी के बरेली पहुंचे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, कांग्रेस-सपा-बसपा पर साधा निशाना, बोले- देश में अस्थिरता फैलाना चाहता है विपक्ष
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उत्तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह आज बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने गौ सेवा समिति की बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस की रैली को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। धर्मपाल सिंह ने कहा कि संपूर्ण विपक्ष जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं करता और न ही यह समझता है कि जनता क्या चाहती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा और बसपा देश का माहौल खराब कर अस्थिरता फैलाना चाहती हैं। विपक्ष बिना चुनाव के सत्ता परिवर्तन करना चाहता है, लेकिन देश की जनता ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि आज भारत में स्थिरता का माहौल है, जबकि दुनिया के कई देशों में आए दिन सरकारें बदल रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि विदेशी ताकतें देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही हैं। वहीं, अखिलेश यादव के एसआईआर के दौरान उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 27 लाख वोट काटे जाने के बयान पर धर्मपाल सिंह ने कहा कि एसआईआर में केवल मृतक, फर्जी और दोहरी प्रविष्टियों वाले वोट हटाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची से फर्जी वोटों को हटाना है। धर्मपाल सिंह ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव इस तरह के बयान देकर देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता समय आने पर इसका जवाब देगी।