यूपी के चंदौली में मंत्री अनिल राजभर का राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हमला
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
चंदौली दौरे पर पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्रम एवं रोजगार अनिल राजभर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। अनिल राजभर ने राहुल गांधी पर लगातार चुनावी हार से बौखलाकर देश में नकारात्मक नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते विपक्ष देश का विरोध करने लगा है और विदेशी ताकतों के हाथों का खिलौना बन गया है।
कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बना रहा है और संसद के बजाय सड़क से लोकतंत्र की परिभाषा तय करने की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती पर आधारित है। अनिल राजभर ने विपक्ष पर भ्रम और नकारात्मक माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने विपक्ष की रैलियों में भीड़ जुटाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तस्वीरें तैयार कर अपनी ताकत दिखाने पर भी तंज कसा। वहीं, अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में आतंकवाद से जुड़े आरोपियों के मुकदमे वापस लेने तक के प्रयास किए गए।
मंत्री ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उस समय भी 50 सीटों से नीचे सिमट गई थी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
बाइट- अनिल राजभर, कैबिनेट मंत्री, श्रम एवं रोजगार