यूपी के गाजियाबाद में दूसरा सीबीआरएन कॉम्पिटिशन शुरू, 8 राज्यों की एसडीआरएफ टीमें लेंगी हिस्सा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गाजियाबाद स्थित एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन में आज से दूसरे सीबीआरएन कॉम्पिटिशन का आयोजन किया जा रहा है। 2 से 4 नवंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों की एसडीआरएफ टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश की टीमें शामिल हैं। सभी टीमें अपने-अपने राज्यों में बेहतर प्रदर्शन के बाद इस प्रतियोगिता में पहुंची हैं।
प्रतियोगिता के दौरान टीमों की कौशल दक्षता, प्रशिक्षण और आपदा प्रबंधन से जुड़ी क्षमताओं का परीक्षण किया जाएगा। इसमें रेस्क्यू, राहत एवं बचाव, डिटेक्शन, डीकंटैमिनेशन और रेस्क्यू फर्स्ट एड जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
एनडीआरएफ के डीआईजी अनिल बिष्ट ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों में सीबीआरएन यानी केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर आपदाओं से निपटने की तैयारी बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच समन्वय और आपसी तालमेल को मजबूत करना है, ताकि आपदा के समय सभी टीमें मिलकर प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य कर सकें।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद की ओर से एक लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी। वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।