राजनीति

यूपी के गोरखपुर से 2027 के चुनावी अभियान का आगाज करेगी बीजेपी, 4 नवंबर को नितिन नवीन और सीएम योगी करेंगे पदयात्रा की अगुवाई

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपी के गोरखपुर से 2027 के चुनावी अभियान का आगाज करेगी बीजेपी, 4 नवंबर को नितिन नवीन और सीएम योगी करेंगे पदयात्रा की अगुवाई

यूपी के गोरखपुर में बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने जा रही है। 4 नवंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली जाएगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 3, 4 और 5 नवंबर को प्रदेशभर में तीन दिवसीय शांति पदयात्रा आयोजित की जाएगी।गोरखपुर के रानीडीहा स्थित बीजेपी के क्षेत्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने दिल्ली में विपक्ष की रैली में भीड़ जुटने के दावों पर सवाल उठाए। पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी पदयात्रा के जरिए जनता को यह संदेश देगी कि देश के नागरिकों का संविधान और लोकतंत्र में विश्वास है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र से कम से कम 50 हजार कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल होंगे।सपा नेता एचटी हसन के राम जन्मभूमि को लेकर दिए गए बयान पर भी पंकज चौधरी ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि को लेकर सपा और कांग्रेस के नेताओं की ओर से अनादर करने वाले बयान पहले भी दिए जाते रहे हैं।वहीं, अखिलेश यादव के यूपी में बीजेपी की राजनीतिक जमीन नहीं होने के दावे पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसकी जमीन है और किसकी नहीं, इसका फैसला प्रदेश की जनता करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुए बदलाव का जिक्र किया।

पंकज चौधरी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी फिर से हैट्रिक लगाएगी।बता दें कि 4 नवंबर को सुबह 10 बजे गोरखपुर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से पदयात्रा शुरू होगी। यात्रा कचहरी चौराहा, गोलघर और गणेश चौक होते हुए काली मंदिर के पास सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी।

यहां माल्यार्पण के साथ पदयात्रा का समापन होगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।