यूपीः गोरखपुर में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, सीएम योगी और नितिन नबीन ने विपक्ष पर साधा निशाना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गोरखपुर में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए पार्टी ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
इसके बाद उन्होंने पदयात्रा का नेतृत्व किया। इसमें बड़ी संख्या में सांसद, विधायक, मंत्री और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पदयात्रा केवल बीजेपी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का अभियान है।
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने पर विपक्ष कभी EVM तो कभी SIR और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण पहले भी कई बार हो चुका है। ऐसे में SIR का विरोध समझ से परे है। योगी ने कहा कि मतदाता सूची से अवैध रूप से शामिल नामों को हटाना जरूरी है।
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र बचाने की बात करता है, लेकिन जनता का समर्थन जुटाने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी चुनावी हार से सबक लेने के बजाय बहाने बनाते हैं। SIR का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से मृत, डुप्लीकेट और दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम हटाना जरूरी है।
नितिन नबीन ने विपक्ष पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 और 2029 के चुनावों में भी जनता विपक्ष को जवाब देगी। जनसभा के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लेकर पदयात्रा निकाली।
बाइट- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री उ.प्र.
बाइट- नितिन नवीन, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा