अपराध

यूपीः ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग का शूटर अमन त्यागी ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपीः ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग का शूटर अमन त्यागी ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थाना सेक्टर-126 पुलिस और सीआरटी टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अमन त्यागी को मृत घोषित कर दिया।

घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।

डीसीपी नोएडा प्रीति यादव के अनुसार, अमन त्यागी रणदीप भाटी गैंग का शूटर था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

बाइट- प्रीति यादव, डीसीपी नोएडा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।