अपराध

यूपी के लखनऊ के दुबग्गा में अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़...

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपी के लखनऊ के दुबग्गा में अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़...

लखनऊ के दुबग्गा इलाके में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन यानी FSDA और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपये की ऑक्सीटोसिन और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। मौके से दो आरोपियों दिलदार और इरफान को गिरफ्तार किया गया है।

यह अवैध फैक्ट्री दुबग्गा थाना क्षेत्र के ग्राम मौहारी (जेहटा) में एक सुनसान मकान में चल रही थी। सूचना मिलने पर FSDA और एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ छापा मारा। मकान के पीछे एक पिकअप वाहन में बोरियां लादी जा रही थीं। अंदर जांच करने पर ऑक्सीटोसिन बनाने और उसकी पैकिंग करने का पूरा सेटअप मिला।

छापेमारी के दौरान 37 बोरियों में रखी करीब 3,700 ऑक्सीटोसिन से भरी बोतलें और 1 लाख 77 हजार 800 प्लास्टिक एम्प्यूल बरामद हुए। इसके अलावा 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन, संदिग्ध पाउडर, करीब 8 हजार खाली बोतलें, 44 हजार ढक्कन, रबर कैप और पैकिंग मशीनें भी मिलीं। टीम ने मौके से एक पिकअप वाहन भी जब्त किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार से ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाते थे। इसमें नमक, पानी और फिनायल मिलाकर अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन तैयार करते थे। इसके बाद बोतलों और एम्प्यूल में भरकर इसकी आपूर्ति भैंस पालकों और सब्जी विक्रेताओं को करते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले इसी मामले में जेल जा चुके हैं और रिहा होने के बाद दोबारा इस कारोबार में शामिल हो गए।

विभाग के मुताबिक, ऑक्सीटोसिन का अवैध इस्तेमाल पशुओं के साथ सब्जियों और फलों में भी किया जाता है, जिससे आम लोगों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है। मामले में दुबग्गा थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बरामद सामग्री के 9 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

पुलिस और विभाग की टीम अब इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायरों और खरीदारों की तलाश कर रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।