राज्य

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर, 27 नवंबर 2026

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति देने जा रही है। बस्तर के स्थानीय संसाधनों, प्राकृतिक संपदा और ग्रामीणों की क्षमताओं का समुचित उपयोग कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कल महानदी भवन, नवा रायपुर में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि बस्तर के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार आजीविका गतिविधियों एवं सामुदायिक संस्थाओं से जुड़ने से वंचित न रहे। परिवारों की रुचि, स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं के अनुरूप आजीविका गतिविधियों का चयन किया जाए।

5 लाख परिवार होंगे लाभान्वित

स्वावलंबी बस्तर अभियान के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों में निवेश की कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान के माध्यम से बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के माध्यम से लक्षित परिवारों की मासिक आय 20 से 30 हजार रुपए तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

चार प्रमुख क्षेत्रों के 52 उत्पादों पर रहेगा विशेष जोर

अभियान के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज एवं वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन तथा गैर कृषि एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों से जुड़े 23 उपक्षेत्रों के लगभग 52 प्रमुख उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है। इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल एवं सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प एवं पर्यटन सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।