यूपी के प्रयागराज में स्वतंत्र देव सिंह ने सरदार पटेल की प्रतिमा का किया अनावरण, 2027 में फिर सरकार बनाने का किया दावा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर प्रयागराज के सरदार पटेल मार्ग पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में आम नागरिकों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एकजुट कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का काम किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा स्थापित कर नई पीढ़ी को उनके विचारों और योगदान से परिचित कराने का काम किया है। वहीं, एमएलसी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि बीजेपी पूरी तरह मजबूत है और पार्टी ने अपनी सीटें बरकरार रखी हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी फिर से सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लखनऊ आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है। अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया है।