राज्य

यूपी के सभी 18 मंडलों में एफएसडीए की लैब स्थापित, खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता जांच होगी तेज

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपी के सभी 18 मंडलों में एफएसडीए की लैब स्थापित, खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता जांच होगी तेज

उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता जांच व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित कर दी हैं। इनमें 12 मंडलों में नई लैब बनाई गई हैं, जबकि छह मंडलों में पहले से संचालित प्रयोगशालाओं को अपग्रेड किया गया है। इससे खाद्य पदार्थों और दवाओं के नमूनों की जांच में तेजी आएगी और मिलावटखोरों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई करना आसान होगा।

खाद्य पदार्थों की सालाना जांच क्षमता 30 हजार से बढ़ाकर एक लाख आठ हजार नमूने कर दी गई है। वहीं, दवाओं की जांच क्षमता भी 12 हजार 500 से बढ़ाकर 60 हजार नमूने सालाना हो गई है। इससे मिलावटी खाद्य पदार्थों और अमानक दवाओं की पहचान करने में मदद मिलेगी।

विभाग के मुताबिक, आजमगढ़, बस्ती, देवीपाटन, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, चित्रकूटधाम, मीरजापुर, बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़ और सहारनपुर मंडलों में नई प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इनमें कानपुर, अलीगढ़, सहारनपुर और अयोध्या में पहले से ही नमूनों की सर्विलांस जांच हो रही थी, जबकि अन्य नई प्रयोगशालाओं में 31 अक्टूबर से जांच शुरू हो चुकी है। लखनऊ, आगरा, मेरठ, झांसी, गोरखपुर और वाराणसी में पहले से प्रयोगशालाएं संचालित थीं।

प्रयोगशालाओं में जांच व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मानव संसाधन बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है। इसके तहत 357 कनिष्ठ विश्लेषक (औषधि) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 457 कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इन नियुक्तियों से प्रयोगशालाओं में जांच कार्य को और गति मिलेगी।

वहीं, लैब की संख्या और जांच क्षमता बढ़ने से एफएसडीए के 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान को भी मजबूती मिलेगी। विभाग का जोर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अमानक दवाओं के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और दवाएं उपलब्ध कराने पर है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

यह खबर बताती है कि उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में एफएसडीए की नई खाद्य और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएँ स्थापित की गई हैं, जिससे खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता जांच तेज और सटीक होगी। यह विषय महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे खाद्य सुरक्षा और औषधि गुणवत्ता पर निगरानी मजबूत होगी, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पाद मिलेंगे। आम जनता पर इसका असर यह होगा कि खाद्य एवं दवा उत्पादों में खामियों का पता जल्दी चल सकेगा, फूड फसिलिटी और फार्मेसी में विश्वास बढ़ेगा, तथा स्वास्थ्य जोखिम कम होंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।