यूपी के शाहजहांपुर में मंत्री सुरेश खन्ना का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- दोनों पार्टियां कन्फ्यूज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जनपद में दिव्यांग कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 70 दिव्यांग महिला, पुरुष और बच्चों को ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड साइकिल समेत विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सुरेश खन्ना ने सपा और कांग्रेस को कन्फ्यूज पार्टियां बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित रैली जनविरोधी है। त्योहार के समय इस रैली से व्यापार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद ईवीएम पर सवाल उठाती है, जबकि जनता भरोसेमंद पार्टी को वोट देती है।
सुरेश खन्ना ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण दोनों अपनी सोचने-समझने की शक्ति खो बैठे हैं। उन्होंने हालिया चुनावों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक रूप से कमजोर होने का आरोप भी लगाया।