अपराध

यूपीः श्रावस्ती में नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, 1.74 लाख के जाली नोट बरामद

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपीः श्रावस्ती में नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, 1.74 लाख के जाली नोट बरामद

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में यूपी एसटीएफ लखनऊ और सोनवा पुलिस की संयुक्त टीम ने जाली नोट छापने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मल्हीपुर रोड स्थित गिरिराज राइस मिल में छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 100, 200 और 500 रुपये के कुल 804 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कीमत 1 लाख 74 हजार रुपये है।

इसके अलावा कैनन कलर प्रिंटर, 156 पन्नों पर छपे जाली नोट, स्पेशल बॉन्ड पेपर, प्रिंटिंग इंक और कटिंग उपकरण भी जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिजा शंकर जायसवाल, नरेंद्र कुमार चौरसिया और मुख्य आरोपी वृजेन्द्र गोस्वामी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में वृजेन्द्र ने यूट्यूब और मुंबई में रहकर जाली नोट छापने का तरीका सीखने की बात बताई।

उसने लखनऊ के लालबाग से प्रिंटर और अन्य उपकरण खरीदे थे। आरोपी आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों में नकली नोट खपाने की तैयारी में थे। पुलिस के अनुसार, वे एक लाख रुपये के असली नोट के बदले तीन लाख रुपये के जाली नोट देने की योजना बना रहे थे। तीनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बाइट- राहुल भाटी, पुलिस अधीक्षक (SP), श्रावस्ती

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।