अपराध

यूपीः सुल्तानपुर के सीताकुंड घाट पर बुधवार सुबह से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपीः सुल्तानपुर के सीताकुंड घाट पर बुधवार सुबह से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव समापन की ओर बढ़ रहा है। करीब 36 घंटे से जारी भव्य विसर्जन शोभायात्रा के बीच बुधवार सुबह से गोमती नदी के सीताकुंड घाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हुआ। नगर क्षेत्र की करीब 250 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन देर शाम तक पूरा होने की उम्मीद है।

मां दुर्गा की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिल रही है। सोमवार देर शाम ठठेरी बाजार में बड़ी दुर्गा माता की पूजा-अर्चना और आरती के बाद जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शोभायात्रा को रवाना किया। करीब पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर आकर्षक झांकियों, देवी गीतों, बैंड-बाजे और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

रावण वध, शिव तांडव और काली तांडव की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं करीब 68 वर्ष पुरानी इस परंपरा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, पीएसी, जल पुलिस और गोताखोरों की तैनाती की गई है। मां की विदाई के साथ श्रद्धालु अगले वर्ष उनके पुनः आगमन की कामना कर रहे हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।