यूपी के सुल्तानपुर में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना का मौका
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सुल्तानपुर में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट में पत्रकारों की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने जनगणना के विभिन्न चरणों और डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी।
इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली SE-ID को सुरक्षित रखना होगा और प्रगणक के घर पहुंचने पर उपलब्ध कराना होगा। डीएम ने बताया कि एक दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। इसके लिए जिले में 4841 कार्मिकों की तैनाती की गई है और 5577 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं।
जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार के सदस्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। वहीं, 4 जनवरी को सूर्यास्त के बाद रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाले बेघर लोगों की भी गणना की जाएगी। इस बार जनगणना में सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक स्थिति और डिजिटल साक्षरता समेत विभिन्न पहलुओं से जुड़े 40 सवाल पूछे जाएंगे।
जिलाधिकारी ने लोगों से स्व-गणना का लाभ उठाने और जनगणना कार्य में प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया समेत राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।