व्यापार

UPI पर MDR शुल्क स्थगित करने के फैसले का कैट ने किया स्वागत, प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026 👁️ 7 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
UPI पर MDR शुल्क स्थगित करने के फैसले का कैट ने किया स्वागत, प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार

धर्मेन्द्र शर्मा बोले—निर्णय से व्यापारियों को राहत और डिजिटल भुगतान के प्रति विश्वास को मिलेगी मजबूती

भोपाल। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने UPI लेनदेन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) शुल्क स्थगित करने के सरकार के निर्णय का स्वागत किया है। कैट ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया है।

कैट के अनुसार, त्योहारी और विवाह सीजन के दौरान लिया गया यह निर्णय देशभर के व्यापारियों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए महत्वपूर्ण है। इससे छोटे व्यापारियों पर संभावित अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में 30 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में वित्त मंत्री से मिले व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल ने 2,000 रुपये से अधिक के UPI लेनदेन पर प्रस्तावित 0.40 प्रतिशत MDR शुल्क के संभावित प्रभावों से सरकार को अवगत कराया था।

कैट भोपाल के जिला अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय व्यापारियों की चिंताओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन इसकी व्यवस्था छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए किफायती रहनी चाहिए।

धर्मेन्द्र शर्मा के मुताबिक, शुल्क स्थगित करने के फैसले से व्यापारियों का डिजिटल भुगतान व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होगा। साथ ही, व्यापारिक समुदाय और सरकार के बीच संवाद एवं समन्वय को भी बढ़ावा मिलेगा।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।