राज्य

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 65 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 65 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था का सिलसिला लगातार जारी है। बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के मुताबिक, अब तक करीब 65 लाख श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं।

इनमें बद्रीनाथ धाम में 23 लाख और केदारनाथ धाम में 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। हेमंत द्विवेदी ने बताया कि चारधाम यात्रा के अभी 10 से 12 दिन शेष हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बेहतर व्यवस्थाओं और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते इस वर्ष यात्रा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।

वहीं, चारधाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन का अवसर मिलता रहेगा। 11 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर केदारनाथ धाम और 16 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसके बाद बाबा केदार की शीतकालीन पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और बद्री विशाल की पूजा पांडुकेश्वर तथा ज्योतिर्मठ स्थित नरसिंह मंदिर में संपन्न होगी। मंदिर समिति के अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं से शीतकालीन यात्रा में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा के माध्यम से श्रद्धालु सर्दियों में भी उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।

बाइट- हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष, बद्री-केदार मंदिर समिति

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।