उत्तराखंड के कई जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
27 सितम्बर 2026, देहरादून: प्रदेश में आज भी मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज चमोली, रूद्रप्रयाग, चम्पावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार आज सभी जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पिछले चौबीस घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। कहीं स्थानों पर भारी बारिश के चलते सामान्य जन जीवन भी प्रभावित हुआ।
प्रदेश के कईं हिस्सों में कल सुबह से हो रही बारिश आज भी जारी है। लगातार बारिश के कारण मुख्य नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो उधमसिंह नगर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। गुलरभोज में 91 दशमलव 5 मिलीमीटर, काशीपुर में 89 और गदरपुर में 86 मिलीमीटर बारिश हुई। नैनीताल के कोश्याकुटोली में 87 दशमलव 5 मिलीमीटर, नैनीताल में 78 दशमलव 5 और धारी में 66 दशमलव 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, चंपावत के पाटी में 72 दशमलव 5 मिलीमीटर और पौड़ी गढ़वाल के नैनीडांडा में 65 मिलीमीटर बारिश हुई। अल्मोड़ा के जैंती में 63 और देहरादून के निरंजनपुर में 57 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। दारमा, व्यास और मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर कल हिमपात हुआ। इसके अलावा, चमोली ज़िले में हेमकुण्ड साहिब, बदरीनाथ, फूलों की घाटी, उत्तरकाशी में यमुनोत्री सहित अधिक ऊंचाई वाले ़इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है।
इस बीच, चारधाम यात्रा आज भी स्थगित रहेगी और मौसम की स्थिति को देखते हुए तीर्थयात्रा संचालन के संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
संलग्न- प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के मौसम के विसुअल्स
मौसम विभाग का पूर्वानुमान