उत्तराखंड: पटाखों के शोर से दूर, पहाड़ों में आज भी कायम है भैलो की परंपरा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
पटाखों के शोर और बदलते दौर के बीच उत्तराखंड के पहाड़ों में आज भी दीपावली और इगास बग्वाल की पारंपरिक रौनक कायम है। टिहरी में भैलो की परंपरा आज भी उत्साह के साथ निभाई जा रही है। खास बात यह है कि पहाड़ की यह लोकसंस्कृति अब गांवों से निकलकर देहरादून और ऋषिकेश जैसे शहरों तक भी पहुंच रही है।
दीपावली और इगास बग्वाल का पर्व लोक परंपराओं के बिना अधूरा है। इन्हीं में शामिल है भैलो खेलने की सदियों पुरानी परंपरा। चीड़ की लकड़ी के छिलकों को बांधकर तैयार किए गए भैलो के दोनों सिरों पर आग लगाई जाती है और उसके बाद लोग तरह-तरह के करतब दिखाते हैं। इस दौरान ‘भैलो रे भैलो’ के जयघोष और ढोल-दमाऊं की थाप से गांवों में उत्सव का माहौल बन जाता है। नई टिहरी में राधाकृष्ण मैठाणी इस पारंपरिक भैलो को तैयार कर बेच रहे हैं। एक भैलो की कीमत करीब 200 रुपये है। दिवाली और इगास के दौरान इसकी मांग बढ़ जाती है।
स्थानीय लोग इसे देहरादून और ऋषिकेश तक भी ले जा रहे हैं। भैलो के साथ ही पहाड़ों में दीपावली पर ढोल-दमाऊं बजाकर घर-घर शुभकामनाएं देने की परंपरा भी आज तक कायम है। गांव के ढोल वादक पहले पंचायती चौपाल में पहुंचते हैं और फिर पूरे गांव में मंगल ध्वनि के साथ दीपावली का संदेश देते हैं। आधुनिकता के दौर में भी इन परंपराओं को सहेजने की यह कोशिश पहाड़ की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक एकता को जीवंत बनाए हुए है।
बाइट- मनोहर सिंह राणा, स्थानीय निवासी, टिहरी