उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने दी बधाई
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
09 नवंबर, नई दिल्ली: उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और निरंतर प्रगति की कामना की है।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।
उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। यहां के लोगों ने राष्ट्र सेवा, वीरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सदैव महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मेरी कामना है कि उत्तराखंड के निवासी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन स्थापित करें तथा प्रदेश को प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाते रहें।"उपराष्ट्रपति सी.
पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर, मैं राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को संजोए रखते हुए, विकास की नई ऊंचाइयों को छुए और निरंतर प्रगति व समृद्धि की ओर अग्रसर रहे।" रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उत्तराखंड स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य की सांस्कृतिक विरासत, वीरता और विकास में योगदान की सराहना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा- "उत्तराखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।देवभूमि उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य और वीरता की गौरवशाली परंपरा के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। यहाँ के मेहनती, कर्मठ और साहसी लोगों ने अपने परिश्रम, समर्पण और प्रतिभा से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।उत्तराखंड निरंतर विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे तथा देश की प्रगति में अपना योगदान देता रहे, यही मेरी मंगलकामना है।" (फोटो सोर्स- @rajnathsingh)