उत्तराखंड: विकास कार्यों में तेजी के लिए विभागीय समन्वय पर जोर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
स्लग- विकास परियोजनाओं की बाधाएं होंगी दूर
Category- विकास
उत्तराखंड: विकास कार्यों में तेजी के लिए विभागीय समन्वय पर जोर
एंकर- उत्तराखंड में विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने और लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया है। सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और नियमों के अनुरूप समाधान निकालने पर चर्चा की गई।
बैठक में भूमि अधिग्रहण, वन भूमि हस्तांतरण, भूमि पर कब्जे का हस्तांतरण, यूटिलिटी शिफ्टिंग, लैंड बैंक और भूमि नामांतरण सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, सिंगल विंडो व्यवस्था के तहत अनुमति प्रक्रिया को प्रभावी और समयबद्ध बनाने के सुझाव दिए गए। सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को प्रत्येक प्रकरण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और नियमों व प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और व्यावहारिक समाधान तलाशने पर भी जोर दिया। सचिव ने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण आयोजित करने और विभागीय समन्वय के माध्यम से लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।