राज्य

वन्यजीव सप्ताह में संरक्षण और जागरूकता पर ज़ोर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
वन्यजीव सप्ताह में संरक्षण और जागरूकता पर ज़ोर

कांगड़ा में नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिताओं से दिया जा रहा संरक्षण का संदेश

अक्तूबर 05, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): वन विभाग कांगड़ा की ओर से वन्यजीव सप्ताह के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अरण्यपाल वासु कौशल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका शुभारंभ शिमला स्थित वन्यजीव मुख्यालय स्तर पर किया गया है और प्रदेश के विभिन्न वन मंडलों में लोगों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह की थीम स्वास्थ्य और आजीविका के संरक्षण के लिए वन्यजीव आवास की सुरक्षा रखी गई है। इसका उद्देश्य वन्यजीवों के साथ-साथ उनके प्राकृतिक आवास और पूरे पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण केवल किसी एक प्रजाति को बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जंगलों, जलस्रोतों, वनस्पतियों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से भी इसका सीधा संबंध है।

वासु कौशल ने बताया कि वन विभाग की ओर से पंचायती राज संस्थाओं, स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न सामुदायिक मंचों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लोगों और विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने के लिए नेचर वॉक और बर्ड वॉचिंग जैसी गतिविधियां भी करवाई जा रही हैं। इसके अलावा वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है।

वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से सिग्नेचर कैंपेन भी चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों से भाग लेकर संरक्षण का संदेश देने की अपील की जा रही है। बच्चों में वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति रुचि पैदा करने के लिए विभिन्न स्थानों पर क्विज और पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।

वन विभाग का उद्देश्य इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी को प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

बाईट: वासु कौशल, अरण्यपाल वन विभाग, कांगड़ा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।